नीमच : माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। जिला मुख्यालय नीमच सहित तहसील मुख्यालय मनासा, जावद एवं रामपुरा स्थित न्यायालय परिसरों में आयोजित होने वाली इस नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत में नीमच, मनासा, जावद एवं रामपुरा न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण किया जाएगा। इनमें दाण्डिक, सिविल, विविध, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायत, श्रम, बैंक तथा अन्य समझौता योग्य प्रकरण शामिल रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है, कि वे अपने समझौता योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु अपने अभिभाषकों से संपर्क कर, संबंधित न्यायालय अथवा कार्यालय में आवश्यक सहमति प्रस्तुत करें, ताकि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके।