|
|
नीमच । मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में जिलेभर में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस थाना कुकडेश्वर के अंतर्गत ग्राम मोया में साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना कुकडेश्वर से उपनिरीक्षक प्रभुदयाल डोडीयार एवं आरक्षक अर्जुन डामोर ने ग्रामीणों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी प्रकार की APK फाइल डाउनलोड या ओपन न करें तथा अपनी बैंकिंग एवं वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने यह भी बताया कि साइबर ठग आम लोगों की कम जानकारी का फायदा उठाकर उन्हें डराने, झूठे प्रलोभन देने या रातों-रात अमीर बनने के सपने दिखाकर ठगी करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें। शिविर के दौरान ग्रामीणों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को साइबर सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, साइबर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। |