|
|
फतेहाबाद । हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक यूट्यूबर और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से करीब 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के नीमच निवासी ईश्वर लाल के रूप में हुई है, जबकि उसकी साथी सोना प्रजापति, राजसेन की निवासी बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मध्य प्रदेश से अफीम लाकर हरियाणा के फतेहाबाद और सिरसा सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि CIA रतिया की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) स्थित धांगड़ पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक कार में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर DL-3CBA-2461 नंबर की होंडा सिटी कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 13.60 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए कार के आगे और पीछे फर्जी न्यूज पेपर के स्टिकर लगाकर चलते थे, ताकि वाहन को मीडिया से जुड़ा समझकर आसानी से निकल सकें। मुख्य आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय था और अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों से संपर्क बनाता था। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से चार अलग-अलग पहचान पत्र भी मिले हैं। इन सभी आईडी कार्ड पर नाम एक ही है, लेकिन फोटो अलग-अलग लगी हुई हैं। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। |