|
|
नशे के खिलाफ नारायणगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी जांच टीम। मन्दसौर जिले की नारायणगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू सामान की आड़ में की जा रही डोडाचूरा तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 88 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक जब्त किया है। जब्त मश्रुका की कुल अनुमानित कीमत 21 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में 5 जुलाई को नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड स्थित बरखेड़ा विरपुरिया फंटे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने SML कंपनी के SARTAJ GS मिनी ट्रक (क्रमांक HP-93-A-8885) को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में घरेलू सामान के बीच छिपाकर रखे गए चार प्लास्टिक के कट्टों से 88 किलोग्राम अवैध पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने दिनेश पिता गुरपाल शर्मा (40) निवासी ग्राम ओखु तथा अमृतलाल पिता तीर्थराम शर्मा (36) निवासी आदुवाल, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि डोडाचूरा की खेप कहाँ से लाई गई थी, इसका गंतव्य क्या था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। |