|
|
साइबर जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों, पुलिस अधिकारियों, पत्रकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं नागरिकों का किया गया सम्मान जिले के लगभग 25,000 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक साथ ली साइबर सुरक्षा शपथ, जनभागीदारी से साइबर सुरक्षा का दिया गया सशक्त संदेश आगर मालवा : मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय SAFE CLICK-2.0 (सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन) अभियान का भव्य समापन कार्यक्रम बुधवार को मधुबन गार्डन, आगर मालवा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव रहीं। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोतीलाल कुशवाहा (आगर) एवं देवनारायण यादव (सुसनेर) सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन का समस्त पुलिस बल, पत्रकार बंधु, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूब क्रिएटर्स, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक-विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन सहायक उप निरीक्षक संतोष खजुरिया द्वारा प्रभावी एवं गरिमामय ढंग से किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा केवल पुलिस अथवा प्रशासन का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान के माध्यम से जिलेभर में किए गए व्यापक जनजागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क एवं जागरूक रहेगा तो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं से स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने अपने उद्बोधन में बताया कि SAFE CLICK-2.0 अभियान के दौरान जिला पुलिस ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, क्विज प्रतियोगिताएं, जनसंवाद, सोशल मीडिया अभियान, लघु फिल्म प्रतियोगिता एवं नवाचार आधारित गतिविधियों के माध्यम से हजारों नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुँचाया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों के विरुद्ध सबसे बड़ी सुरक्षा है तथा जिला पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर संचालित करती रहेगी। कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशानुसार कार्यक्रम के पूर्व प्रातः 11:00 बजे जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडेय के सहयोग से जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ साइबर सुरक्षा शपथ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलेभर के लगभग 25,000 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया, जो अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक रहा। समारोह के दौरान साइबर क्विज प्रतियोगिता, साइबर जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने वाले पत्रकारों, यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स, विद्यालयों, छात्र-छात्राओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आरक्षक रवि राठौर ने साइबर अपराधों से बचाव एवं SAFE CLICK-2.0 अभियान पर आधारित अपना स्वरचित प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का प्रभावी संदेश दिया तथा कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) आगर श्री मोतीलाल कुशवाहा ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि कलेक्टर प्रीति यादव, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, समस्त अतिथिगण, पत्रकार बंधुओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, शिक्षा विभाग, सभी शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं अभियान में सहयोग प्रदान करने वाले सभी नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विशेष रूप से जिला साइबर टीम की उप निरीक्षक राखी गुर्जर, प्रधान आरक्षक सुब्रतो शर्मा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह एवं आरक्षक रवि दोहरे के समर्पित प्रयासों, नवाचार आधारित गतिविधियों एवं सतत जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम से SAFE CLICK-2.0 अभियान जिलेभर में प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संचालित हुआ। अंत में उन्होंने सभी से साइबर सुरक्षा के इस जन जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। |