|
|
जयपुर/प्रतापगढ़/नीमच। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ANTF ने ऑपरेशन नीलमणि के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान और मध्यप्रदेश के मोस्ट वांटेड अंतर्राज्यीय तस्कर सुनील मीणा (27) को मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जीरन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। करीब आठ माह तक चली गुप्त निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सटीक रणनीति के बाद मिली इस सफलता को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और नशीले पदार्थों की तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान कई बार फायरिंग कर फरार होने के कारण वह बेहद खतरनाक अपराधी माना जाता था। उसके खिलाफ राजस्थान, मध्यप्रदेश और अन्य एजेंसियों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी सहित 19 से अधिक गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। सुनील मीणा राजस्थान पुलिस की नारको टॉप-25 अपराधियों की सूची में शामिल था। उस पर राजस्थान पुलिस, मध्यप्रदेश पुलिस और एनसीबी की ओर से कुल 1.69 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार उसने मात्र 15 वर्ष की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखा और 27 वर्ष की उम्र तक कई गंभीर मामलों में वांछित हो गया। चरवाहा बनकर की गई रेकी, फिर बिछाया गया जाल ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए ANTF ने अपने एक जवान को चरवाहे के वेश में लगभग 15 दिनों तक आरोपी के गांव और आसपास के जंगलों में तैनात किया। इस दौरान जवान ने आरोपी की गतिविधियों, संपर्कों और संभावित ठिकानों की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तारी की पूरी रणनीति तैयार की गई। बारिश बनी पुलिस की सबसे बड़ी सहयोगी कार्रवाई के दौरान तेज बारिश ने पुलिस की योजना को और मजबूत कर दिया। बारिश का फायदा उठाते हुए टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान सुनील मीणा घर के अंदर एक ड्रम के पीछे रजाई ओढ़कर छिपा मिला। गिरफ्तारी के समय उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए गलत नाम बताया, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपनी वास्तविक पहचान स्वीकार कर ली। प्रतापगढ़ पुलिस का मिला अहम सहयोग इस पूरे अभियान में प्रतापगढ़ पुलिस ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश सीमा से लगे दुर्गम क्षेत्रों की भौगोलिक जानकारी और स्थानीय सहयोग के कारण ANTF को कार्रवाई में सफलता मिली। सफल टीम होगी सम्मानित पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने वाली ANTF और सहयोगी पुलिस टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। आमजन से सहयोग की अपील ANTF ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी या वांछित अपराधियों से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह ANTF नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। रिपोर्ट : जसपाल टेलर |