|
|
नशे से दूरी है जरूरी समाज अच्छी चीजों को अपनाए, बुरी चीजों का त्याग करें - कलेक्टर श्रीमती यादव कलेक्टर एवं एसपी ने हरी झंडी दिखाकर नशा मुक्ति जागरूकता रथ एवं वृहद रैली को किया रवाना आगर-मालवा : नशे से दूरी है जरूरी समाज अच्छी चीजों को अपनाए एवं बुरी चीजों का त्याग करें और नशा मुक्त भारत, प्रदेश एवं जिले के निर्माण में सहभागी बने, यह बात जिला कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने बुधवार को कोतवाली आगर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए कहा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार बोयत, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह, सहित पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह अभियान नशा मुक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है ड्रग की समस्या के संबंध में सभी लोगों को जागरूक करना है ड्रग के दुष्प्रभावों से व्यक्ति, परिवार, समाज और प्रदेश पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं, विशेष कर भावी पीढ़ी को नशे से बचाना है इसके लिए सभी को जागरूक होना होगा। पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत सरकार ने 2029 तक संपूर्ण भारत देश को ड्रग फ्री भारत बनाने का संकल्प लिया है, हम सब भी बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा ले और नशा मुक्ति का संदेश जन जन तक पहुंचाएं। उन्होंने प्रेस मीडिया संचार माध्यमों के प्रतिनिधियों से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आवाहन किया । इस अवसर पर कोतवाली आगर से "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत जागरूकता रथ एवं वृहद जागरूकता रैली आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव एवं एसपी श्री दिलीप कुमार सोनी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ एवं वृहद रैली को रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गो से नशा मुक्ति जागरूकता का संदेश देते हुए गुजरी। रैली का समापन कंपनी गार्डन पर पहुंचकर हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्री रजनीश स्वर्णकार ने किया तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र बोयत ने आभार व्यक्त किया। टीआई थाना कोतवाली आगर सुश्री शशि उपाध्याय ने प्रदेशव्यापी नशे से दूरी है जरूरी अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और जिले में 15 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाली जागरूकता गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। कलेक्टर श्रीमती यादव एवं एसपी श्री सोनी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। तत्पश्चात एसपी श्री सोनी ने कलेक्टर श्रीमती यादव का और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार बोयत, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह ने पुष्पगुच्छ भैंटकर सभी मंचासीन अतिथियों का का स्वागत किया। श्री बोयत ने कहा कि प्रथम चरण में अभियान में जिले में 75 हजार हस्ताक्षर करवाकर जिला अग्रणी स्थान पर रहा है, इस 2.0 अभियान में भी 1.25 लाख हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है जिसे हम सभी के सहयोग से हासिल कर लेंगे। इस अवसर पर तहसीलदार श्री विजय सेनानी, सीएमओ कुशाल सिंह डोडवे, सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित थे। |