|
|
दतिया। दतिया विधानसभा उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वप्निल वानखड़े तथा पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदान की समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, छाया, चिकित्सा सुविधा तथा दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराई गईं। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी गई, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उप निर्वाचन में कुल लगभग 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विधानसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.09, महिला मतदाताओं का 68.48 तथा अन्य मतदाताओं का 20 प्रतिशत रहा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री के साथ सुरक्षित रूप से प्राप्ति केंद्र पहुँचे, जहाँ सामग्री जमा करने की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वप्निल वानखड़े ने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल, केंद्रीय सुरक्षा बल, मीडिया प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। |