रतलाम / सैलाना। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड सैलाना में संवाद योजना अंतर्गत आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम जनपद पंचायत सभाकक्ष में उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विकासखंड की समस्त प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास (CMCLDP) तथा मुख्यमंत्री इंटर्नशिप योजना के प्रतिभागियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर ग्राम विकास और सामाजिक नेतृत्व को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई रामचन्द्र चारेल, जिला योजना समिति सदस्य भूपेन्द्र जायसवाल, जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, लेखापाल महावीर बैरागी, जनपद सदस्य प्रभुलाल भाभर, सुभाष भाभर एवं किसान नेता देवचंद पाटीदार द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
ब्लॉक समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने संवाद योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, उद्देश्य एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समितियों की सक्रिय भागीदारी से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि भूपेन्द्र जायसवाल ने कहा कि समाज और शासन के बीच सतत संवाद ही विकास की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने प्रस्फुटन समितियों से अपने-अपने क्षेत्रों के नवाचार और अनुभव साझा करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक-दूसरे से सीखकर ग्राम विकास को नई गति दी जा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती कैलाशी बाई रामचन्द्र चारेल ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समिति सदस्यों से गांव-गांव जाकर पात्र लोगों की पहचान करने तथा उन्हें योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने ग्रामों की समस्याओं के समाधान में जनप्रतिनिधियों के हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने प्रस्फुटन समितियों से "पंच-ज"—जल, जंगल, जमीन, जन और जानवर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के माध्यम से ही सतत एवं समग्र विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
लेखापाल महावीर बैरागी ने वित्तीय पारदर्शिता, अभिलेख संधारण, दस्तावेजों के रख-रखाव तथा विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन विक्रम कुमार शर्मा (नवांकुर संस्था प्रमुख, विश्व कल्याण सेवा समिति, सरवन) ने किया, जबकि अंत में सचिन कहार (एकलव्य युवा जन उत्थान समिति, शिवगढ़) ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हरिश सिलावट, दिनेश गहलोत, पीरूलाल मईड़ा, पवन पारगी, योगेश तंवर, अरुण खराड़ी सहित विकासखंड सैलाना की विभिन्न नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक नेतृत्व, जनजागरण, ग्राम विकास, शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों में विकास कार्यों को गति देने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत