|
|
भैया-बहनों ने उत्साह से किया मतदान, नवनिर्वाचित अध्यक्षों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ सरोदा/नीमच : विद्या भारती ग्रामीण शिक्षा मालवा प्रांत, नीमच जिला ग्राम विकास शिक्षण समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर सरोदा में सोमवार को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का जीवंत उदाहरण देखने को मिला। विद्यालय में शिशु भारती, बाल भारती एवं कन्या भारती के अध्यक्ष पद के लिए बाकायदा मतदान प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान के महत्व को समझा। मतदान प्रक्रिया के माध्यम से शिशु भारती अध्यक्ष पद पर बहिन आयुषी प्रधान, बाल भारती अध्यक्ष पद पर बहिन सुहाना तथा कन्या भारती अध्यक्ष पद पर बहिन आरती का चयन किया गया। भैया-बहनों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्षों का चयन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्षों को श्रीमती यज्ञ प्रिया बैरागी द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के संयोजक श्री ऊंकार लाल धाकड़ ने नवनिर्वाचित अध्यक्षों का तिलक लगाकर एवं दुपट्टा भेंटकर स्वागत-अभिनंदन किया। विद्यालय में अन्य पदों पर भी भैया-बहनों की नियुक्ति की गई। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य श्री अर्जुन धाकड़, दीदी श्रीमती अनीता गोस्वामी, श्रीमती कृष्णा धाकड़, सुश्री यशोदा धाकड़ एवं श्रीमती यज्ञ प्रिया बैरागी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रहलाद सिंह राठौड़ ने किया। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के प्रचार-प्रसार प्रमुख द्वारा दी गई। मतदान के माध्यम से विद्यार्थियों को मिला लोकतंत्र का व्यावहारिक पाठ विद्यालय में आयोजित यह चुनाव प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से उन्हें मतदान, जिम्मेदारी, नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ। |