![]() ![]() ![]() ![]()
|
विद्यार्थियों के साथ किया भोजन आगर-मालवा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना शनिवार को दोपहर में पीएम श्री नवोदय विद्यालय, सुसनेर पहुंचे। विद्यालय पहुंचकर कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद किया और अध्यापन कार्य एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता को भी परखा। प्राचार्य ने कलेक्टर को विद्यालय के स्टाफ, विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों, खेलकूद गतिविधियों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया तथा विद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने विद्यालय परिसर में स्थित कन्या छात्रावास में छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने विद्यालय की रसोई एवं डाइनिंग कक्ष का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर डॉ. मीना ने पीएम श्री नवोदय विद्यालय सुसनेर में सिक्किम व अन्य राज्यों से अध्यापन के लिए सुसनेर आए विद्यार्थियों से भी चर्चा कर अध्यापन सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को यदि कोई समस्या हो तो वह उन्हें अवश्य बताएं। प्रारंभ में विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्यों ने कलेक्टर का स्वागत किया। इस अवसर पर प्राचार्य, उपप्राचार्य विभिन्न विषयों के शिक्षक गण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। |