![]() ![]() ![]() ![]()
|
सिंगोली। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 325.140 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 32 लाख 51 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को सिंगोली-कदवासा फंटा से कदवासा रोड पर ब्राह्मणी नदी के आगे मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कदवासा की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार (क्रमांक 22BH4638B) आती दिखाई दी। पुलिस वाहन की लाइट देखकर चालक ने कार को तेजी से पलटाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 16 काले प्लास्टिक के कट्टों में कुल 325.140 किलोग्राम डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित वाहन को जब्त कर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जब्त संपत्ति 325.140 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा — अनुमानित कीमत ₹32,51,400 सफेद हुंडई क्रेटा कार — अनुमानित कीमत ₹10 लाख वाहन से मिले 2 मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत ₹20,000 इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार वर्मा एवं सिंगोली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। |