सैलाना। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार मंगलवार को जिलेभर में आयोजित विकेंद्रीकृत जनसुनवाई के तहत सैलाना तहसील कार्यालय में भी आमजन की समस्याएं सुनी गईं। तहसीलदार मनीष जैन ने जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित प्रकरणों को दर्ज किया और अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसीलदार मनीष जैन के अनुसार सैलाना में जनसुनवाई के दौरान कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2 मामलों का तत्काल निराकरण कर दिया गया। वहीं शेष प्रकरणों में तीन आवेदन नगर परिषद से संबंधित, दो आवेदन पंचायत से जुड़े तथा अन्य आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित रहे। संबंधित विभागों को इन प्रकरणों के निराकरण के लिए 7 दिवस की समय-सीमा दी गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अगली जनसुनवाई तक लंबित आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इधर बाजना में एसडीएम श्री सुनील जायसवाल की मौजूदगी में जनसुनवाई आयोजित हुई, जहां उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिले में रतलाम नगर निगम क्षेत्र कार्यालय के अलावा जावरा, सैलाना और आलोट अनुविभाग कार्यालय तथा बाजना एवं पिपलौदा विकासखंड कार्यालयों में जनसुनवाई हुई। राजस्व, पंचायत, खाद्य, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि और विद्युत सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को अपनी समस्या के समाधान के लिए त्वरित और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आवेदकों को प्रकरण की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत