|
लएसपी राजेश व्यास ने करीब 26 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने आमजन की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई के दौरान करीब 26 आवेदक एसपी के समक्ष उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं रखीं। एसपी श्री व्यास ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी दौरान आयोजित सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 12 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया। एसपी श्री व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आवेदकों को समय पर राहत दिलाई जाए। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार के मामलों पर विशेष ध्यान देने तथा थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी निकीता सिंह, संबंधित शाखा प्रभारी सहित फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे। |