|
नीमच । आमजन को बेहतर आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदसौर-नीमच डाक संभाग द्वारा 29 अगस्त 2026 को डाकघरों के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही दिन में उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के दौरान नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में आवश्यक सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार में मोबाइल नंबर एवं ई-मेल लिंक कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अभियान के लिए नागरिकों को 27 एवं 28 अगस्त को टोकन वितरित किए जाएंगे। विशेष अभियान के दिन 29 अगस्त को संबंधित आधार सेवा केंद्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे। यह अभियान नीमच प्रधान डाकघर, नीमच बघाना, खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा सहित मंदसौर-नीमच डाक संभाग के विभिन्न डाकघरों में आयोजित किया जाएगा। भारतीय डाक विभाग के अनुसार डाकघरों में आधार नामांकन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध है। आधार नामांकन निःशुल्क है, जबकि विभिन्न अपडेट सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क देय हो सकता है। मंदसौर-नीमच संभाग के अधीक्षक डाकघर ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने निकटतम डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। |