रतलाम/ढोढर। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर जब बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षा और स्नेह का वचन ले रही थीं, उसी दिन रतलाम जिले के ढोढर में एक ऐसा मार्मिक मामला सामने आया, जिसने इंसानियत और रिश्तों की परिभाषा को झकझोर दिया। यहां एक महिला और पुरुष के शव मिलने के बाद महिला के परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। ऐसे कठिन समय में ढोढर पुलिस और जावरा रेडक्रॉस सोसाइटी ने आगे आकर मानवता की मिसाल पेश की और महिला को अंतिम विदाई दिलाई।
दरअसल, गुरुवार सुबह ढोढर में एक निर्माणाधीन मकान के तलघर में महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद और ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से सल्फास की गोलियां और एक सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में दोनों ने अपनी मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया था।
मृतकों की पहचान ईश्वरलाल प्रजापत और चंदाबाई निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात सामने आई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जावरा सरकारी अस्पताल भेजा।
पोस्टमार्टम के बाद चंदाबाई के शव को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया हुई, लेकिन परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। ऐसे में चंदा के शव की अंतिम विदाई का सवाल खड़ा हो गया।
यहीं ढोढर पुलिस ने इंसानियत का फर्ज निभाते हुए जावरा रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन वीरेंद्र सिंह सोलंकी से संपर्क किया। इसके बाद वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने आगे आकर एक भाई की तरह चंदाबाई के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई और उसे सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी।
रक्षा बंधन के दिन जहां एक भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, वहीं इस घटना में एक अनजान महिला के लिए वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने भाई का फर्ज निभाकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। यह पूरा घटनाक्रम रिश्तों से परे इंसानियत की उस तस्वीर को सामने लाता है, जहां खून का रिश्ता न होते हुए भी एक इंसान दूसरे इंसान के अंतिम समय में अपना बनकर खड़ा हो जाता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत