मंदसौर। दलौदा चौपाटी पर एक पान दुकान का ताला तोड़कर सिगरेट चुराने वाले 19 वर्षीय आरोपी को दलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई विभिन्न कंपनियों की करीब 18 हजार रुपए कीमत की सिगरेट के पैकेट तथा राजस्थान के आंवरी माता क्षेत्र से चोरी की गई हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक MP11MN7978 अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए की बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी दलौदा उनि रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 29 अगस्त की रात दलौदा चौपाटी स्थित फरियादी विशाल पिता नानालाल शर्मा की पान दुकान के काउंटर का अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर उसमें रखी सिगरेट के पैकेट चोरी कर ले गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर 30 अगस्त को थाना दलौदा में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
दलौदा थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले और कृष्णा पिता विजेन्द्र उर्फ गुड्डा बंजारा (19) निवासी गांधी नगर इंदौर को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पैदल राजस्थान घूमने गया था। इसी दौरान आंवरी माता, थाना भदेसर राजस्थान क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल पर उसकी नजर पड़ी और उसने बाइक चोरी कर ली। मोटरसाइकिल लेकर इंदौर लौटते समय वह दलौदा पहुंचा, जहां चौपाटी पर पान दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर सिगरेट के पैकेट चोरी कर लिए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 हजार रुपए कीमत की विभिन्न कंपनियों की सिगरेट तथा करीब 50 हजार रुपए कीमत की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है। इस कार्रवाई से पुलिस ने एक ही आरोपी के कब्जे से दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।
रिपोर्ट: कमलेश शर्मा