|
कलेक्टर ने सभी शालाओं की नियमित प्रभावी मॉनिटरिंग के दिये निर्देश कलेक्टर ने की स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा आगर-मालवा : जिले के सभी विद्यालय भवनों का शिक्षा एवं जिला शिक्षा केन्द्र के अधिकारी के निरीक्षण कर एक सप्ताह में भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें, सभी शालाओं में अध्यापन गतिविधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। यदि किसी शाला में कोई भी लापरवाही पाई जाएगी, तो संबंधित बीईओ, बीआरसी, जनशिक्षक के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरूवार की शाम को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा, जनशिक्षा केन्द्र एवं आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों और स्कूलों की समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सौरभ जैन, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री शेखर उईके सहित सभी एपीसी, बीईओ, बीआरसी, जनशिक्षक एवं बीएसी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने ई-अटेण्डेस से उपस्थिति की समीक्षा में निर्देश दिए कि अतिथि शिक्षकों के वेतन का भुगतान ई-अटेंडेस के आधार पर किया जा रहा है, उसी तरह शिक्षकों के वेतन भुगतान को भी ई-अटेंडेस प्रणाली से लिंक किया जाए। उन्होंने शेष सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं साईकिल का लाभ प्रदान करने के लिये प्रस्ताव तैयार करवाकर भिजवाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी सात दिवस में सुनिश्चित करें कि शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण हो जाए। साथ ही कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे। |