|
कलेक्टर ने की जनविश्वास अभियान में शिकायतों के निराकरण की समीक्षा आगर-मालवा : जिले में जनविश्वास अभियान के तहत् विभिन्न स्तर के अधिकारियों द्वारा संस्थाओं, कार्यालयों के निरीक्षण एवं ग्राम भ्रमण की जानकारी जनविश्वास अभियान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। पोर्टल पर जनसंवाद, उद्यम संवाद व अन्य गतिविधियों की जानकारी भी दर्ज करें। अभियान की प्रगति की समीक्षा पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर शासन स्तर पर की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर डाॅ. शेर सिंह मीना ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिलाधिकारियों की बैठक में जनविश्वास अभियान की अबतक की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एडीएम श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम आगर श्री मिलिन्द ढ़ोके, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेमनारायण परमार एवं विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने विभाग से संबंधित हितग्राहीमूलक स्व-रोजगार योजनाओं में लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानी, फोटो एवं वीडियों क्लीप तैयार करवाकर व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये जनसम्पर्क अधिकारी को उपलब्ध करवाएं। साथ ही संस्थाओं के निरीक्षण/भ्रमण तथा विभागों द्वारा की जाने वाली संस्थानों की जांच एवं नमूनें लेने की कार्यवाही के प्रेसनोट भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाएं जाए। जनविश्वास अभियान में प्राप्त समस्याओं का अपने स्तर से निराकरण कर संबंधित आवेदकों को भी लिखित में अवगत कराएं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आगामी जनविश्वास शिविरों में उपस्थित होने के साथ ही संबंधित क्षैत्र के गांव में स्थित विभागीय संस्थाओं, कार्यालय का निरीक्षण कर विस्तत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही भ्रमण, निरीक्षण दौरान संस्थाओं की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। |