नामली/रतलाम। शिक्षकों को TET परीक्षा के संबंध में राहत दिए जाने सहित कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने मंगलवार को नामली तहसील मुख्यालय पर आवाज बुलंद की। संघ के प्रांतीय आह्वान पर रतलाम जिले के नामली ब्लॉक मुख्यालय पर बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं पदाधिकारी एकत्रित हुए और भारत के प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन कार्यक्रम का नेतृत्व जिला सचिव शैतान सिंह राठौर, तहसील अध्यक्ष प्रेमशंकर नागर एवं सचिव दिलीप सिंह राठौर ने किया। कर्मचारियों ने TET परीक्षा से संबंधित मांग के साथ ही मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ भोपाल के प्रांतीय आह्वान पर 23 सूत्रीय कर्मचारी हितैषी मांगों को लेकर भी ज्ञापन सौंपा।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद प्रदेश के शिक्षकों के सामने TET परीक्षा को लेकर उत्पन्न स्थिति के संबंध में सरकार से आवश्यक राहत एवं स्पष्ट समाधान की मांग की जा रही है। इसके अलावा कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर शासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में ब्लॉक एवं तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन दिए जा रहे हैं।
नामली में अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार महेंद्र दांगी के प्रतिनिधि को संघ पदाधिकारियों ने ज्ञापन की प्रतियां सौंपते हुए मांगों का वाचन किया। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार मांगों के बावजूद शासन स्तर पर अपेक्षित निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
55 विभागों के कर्मचारियों ने उठाई आवाज
आंदोलन में शिक्षा विभाग के साथ कृषि, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी, बिजली विभाग, पंचायत सचिव, पटवारी संघ एवं आउटसोर्स कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शासन द्वारा TET से संबंधित मांग एवं 23 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक विचार नहीं किया गया तो कर्मचारी संगठन द्वारा आगामी समय में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला सचिव शैतान सिंह राठौर, तहसील अध्यक्ष प्रेमशंकर नागर, सचिव दिलीप सिंह राठौर, हरि प्रसाद नागर, जिला कार्यकारिणी सदस्य कुशाल सिंह गोयल, धन सिंह पवार, भगवान सिंह, प्रहलाद सुंदर, कोशल, मांगीलाल चौधरी, हेमलता शर्मा, शालिनी जोशी, माया बामनिया, अंतिमबाला दड़ीग, सुनीता कसेरा, विशाल परमार, सावरिया राव, जगदीश शर्मा, बृजेश कुमार गौर, बालेश्वर मालवीय, बाबूलाल बागवान, सूर्यनारायण भट्ट, गोपाल लाल मालवीय, सुरेश मालवीय एवं सुरेशचंद्र शर्मा सहित अनेक कर्मचारी एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ शासन से मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठन है और 55 विभागों के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। नामली में दिया गया ज्ञापन अब शासन तक कर्मचारियों की मांगों और नाराजगी की आवाज पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत