|
निर्जला व्रत, रातभर भजन-कीर्तन… सुहागिनों ने सजाया शिव-पार्वती का दरबार चीताखेड़ा। हरतालिका तीज पर्व पर नगर में सोमवार एवं मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सैकड़ों महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व के तहत सोमवार रात नगर की महिलाओं ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर हरतालिका तीज के मंडप सजाए। मंदिरों में देर रात तक भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का दौर चलता रहा। महिलाओं ने फूलों से भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय सहित शिव परिवार की प्रतिमाएं तैयार कीं। माता पार्वती का सोलह श्रृंगार कर विधिवत पूजन किया गया। रातभर चला भक्ति का सिलसिला हरतालिका तीज के अवसर पर महिलाओं ने पूरी रात जागकर भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना की। मंगलवार तड़के करीब चार बजे से महिलाएं नगर के मध्य स्थित मंदिरों में पहुंचने लगीं और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात शिव-पार्वती एवं शिव परिवार की फूलों से बनाई गई प्रतिमाओं का धार्मिक विधि-विधान के साथ नदी में विसर्जन किया गया। मंदिर परिसर में सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा। हर ओर “हर-हर महादेव” और शिव-पार्वती की भक्ति के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आया। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |