|
शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा नीमच : मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2026 के द्वितीय चरण की प्रक्रिया 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक भोपाल में आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़, भोपाल में किया जाएगा। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा 4 से 20 जून 2026 तक आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 14 अगस्त 2026 को घोषित किया गया। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण के लिए चयनित किया गया है। द्वितीय चरण के लिए सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों के लिए 256 अभ्यर्थी तथा जेल प्रहरी के 757 पदों के लिए 8,217 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं। इन अभ्यर्थियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। सफल अभ्यर्थी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in तथा जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in से निर्धारित प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी के साथ अपनी निर्धारित तिथि पर आयोजन स्थल पर उपस्थित होना होगा। |