मंदसौर। 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर में जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता तथा प्रतियोगिता संयोजक एवं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य के.सी. सोलंकी के निर्देशन में बैठक आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन मंदसौर नगर में 6 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता के संयोजक के.सी. सोलंकी ने बताया कि 14 वर्ष बालक वर्ग की इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 10 संभागों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 180 खिलाड़ी एवं 35 ऑफिशियल शामिल होंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल परिसर तथा एमआईटी चौराहा स्थित टर्फ मैदान पर आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न कार्यों के लिए 16 समितियों का गठन किया गया है। इनमें संयोजक, सह-संयोजक एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल के आवास की व्यवस्था उत्कृष्ट बालक छात्रावास, डाइट परिसर में की गई है। वहीं प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक समन्वय के लिए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी समितियों के संयोजकों एवं सदस्यों को उनके दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का मंदसौर में आयोजन होना जिले के लिए गर्व की बात है। मालवा की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी टीमों की बेहतर मेजबानी सुनिश्चित की जाए। सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से करें।
बैठक को उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य के.सी. सोलंकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जी.एल. जोगचंद एवं प्राचार्य सुदीप दास ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन प्राचार्य अशोक कुमार रत्नावत ने किया।