सरवन। रतलाम जिले के सरवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पालवा में सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घरेलू विवाद के दौरान एक भाई ने दूसरे भाई पर धारदार हथियार धारिया से हमला कर दिया। हमले में कृष्णा पिता परतू गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमले में उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरे कंधे के पास भी गंभीर चोट आई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पालवा में दो सगे भाइयों के बीच किसी घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने कृष्णा पर धारिया से हमला कर दिया। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कृष्णा का एक हाथ कटकर अलग हो गया। इसके अलावा उनके कंधे के पास भी गंभीर चोटें आई हैं।
112 पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल कृष्णा को तत्काल उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कार्रवाई पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।
गांव में घटना को लेकर चर्चा
सगे भाइयों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष ने पारिवारिक विवादों के भयावह परिणामों को एक बार फिर सामने ला दिया है। जिस विवाद का समाधान आपसी बातचीत से हो सकता था, वह हिंसक घटना में बदल गया और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
फिलहाल घायल की स्थिति और हमलावर के संबंध में पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत