रतलाम / सैलाना/शिवगढ़। प्रतिभा न तो संसाधनों की मोहताज होती है और न ही बड़े शहरों की पहचान की। यदि हौसले बुलंद हों और सही मार्गदर्शन मिले तो आदिवासी अंचल की छोटी सी बस्ती से निकला बालक भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकता है। इसकी जीवंत मिसाल सैलाना तहसील के ग्राम पूनापड़ाव निवासी कक्षा सातवीं के विद्यार्थी करण भूरिया ने पेश की है। करण का चयन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा आयोजित 53वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी (RBVP)-2026 के लिए हुआ है। अब वह 14 से 19 दिसंबर तक पुदुचेरी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। यह उपलब्धि पूरे रतलाम जिले और जनजातीय अंचल के लिए गौरव का विषय बन गई है।
एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय घोड़ापल्ला के विद्यार्थी करण भूरिया ने अपनी नवाचारी सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तैयार किए गए गणित जादुई बोर्ड मॉडल के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच बनाई है। इस मॉडल का चयन NCERT के पत्र क्रमांक 12-1/2026-27/डीईएसएम/आरवीबीपी/1095 दिनांक 6 नवंबर 2026 के माध्यम से किया गया है। मॉडल का उपविषय ‘मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग’ है। करण ने अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती स्वाति सक्सेना के निर्देशन में यह मॉडल तैयार किया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से गणित का डर दूर कर कठिन गणितीय अवधारणाओं को खेल-खेल में सरल और रोचक तरीके से समझाना है।
करण की यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश द्वारा संचालित विद्यालयों से राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने वाला वह प्रदेश का एकमात्र विद्यार्थी बताया जा रहा है। दिसंबर 2025 में विद्यालय स्तर से शुरू हुआ उसका सफर जनशिक्षा केंद्र, ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर लगातार प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए राज्य स्तर तक पहुंचा। इसके बाद 19 से 21 अगस्त 2026 तक नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उसने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई।
इस उपलब्धि से जुड़े एक और भावनात्मक पहलू ने पूरे मामले को खास बना दिया है। जिला शिक्षा समिति के चेयरमैन केशू निनामा ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि करण उनके ही गांव के आसपास के अंचल का बच्चा है और उन्होंने स्वयं भी इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से कभी उन्होंने शिक्षा प्राप्त की थी, उसी क्षेत्र के विद्यालय का विद्यार्थी आज राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने जा रहा है। यह उनके लिए व्यक्तिगत खुशी के साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की है।
एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवगढ़ के संकुल प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता ने करण भूरिया और मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती स्वाति सक्सेना को बधाई देते हुए इसे संकुल की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी अपनी मेहनत और नवाचार से राष्ट्रीय पहचान बना सकते हैं। इस सफलता में शिक्षिका स्वाति सक्सेना का समर्पण और मार्गदर्शन भी सराहनीय है।
संकुल परिवार के शिक्षक लक्ष्मण सिंह अमलियार, देवेंद्र वाघेला, घनश्याम बैरागी, महेंद्र प्रताप सिंह पंवार, राधेश्याम मालवीय एवं भारतलाल चौहान ने भी करण को शुभकामनाएं दी हैं।
अब दिसंबर में पुदुचेरी के राष्ट्रीय मंच पर करण भूरिया का ‘गणित जादुई बोर्ड’ देशभर के प्रतिभागियों के सामने प्रदर्शित होगा। पूरे अंचल को उम्मीद है कि यह नन्हा बाल अन्वेषक अपनी प्रतिभा से एक बार फिर मध्यप्रदेश का मान बढ़ाएगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत