|
चैनपुरा व शिवपुरा में 5 से 6 किलोमीटर की परिधि में नहीं मिल रहा मोबाइल नेटवर्क, छतों, पेड़ और पहाड़ी पर जाकर मिलाना पड़ता है नेटवर्क चीताखेड़ा । जीरन तहसील के पिपलिया जागीर,खडवेलिया,गाधीपुरा, शिवपुरा, भीमपुरा,भोपतपुरा, जामनगर, चैनपुरा,घसुण्डी जागीर, अमावली जागीर,पावडा कला, गोपालपुरा सहित आस-पास के कई ग्रामों में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या से हजारों ग्रामीण परेशान हैं। गांव में सिग्नल नहीं मिलते, गांव से बाहर टेकरी या मकानों की छत और पेड़ों पर चढ़कर नेटवर्क मिलाना पड़ता है फिर भी कॉल कट जाती है और इंटरनेट की गति धीमी रहती है। इससे ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान व आपातकालीन स्थिति (डायल- 112, सीएम हेल्प लाइन -181, जननीं एक्सप्रेस एवं अन्य टोल फ्री सुविधाओं) में इन ग्रामों के किसानों को संचार सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है।चीताखेड़ा से करीब 7 से 8 किलोमीटर व जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर स्थित चैनपुरा, घसुण्डी जागीर, पिपलिया जागीर नीमच विधानसभा क्षेत्र में शामिल हैं। नीमच विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर राजस्थान की बार्डर पर बसा चैनपुरा गांव के ग्रामीण मनोहर रावत के अनुसार चैनपुरा में 5 से 6 किलोमीटर की परिधि में मोबाइल टावर नहीं है। राजस्थान टावर नेटवर्क पकड़ता है। घसुण्डी जागीर क्षेत्र के टावरों से भी पर्याप्त नेटवर्क नहीं मिलता। अधिकांश लोग जियो, एयरटेल, वोडाफोन की सिम कार्ड इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सिग्नल की स्थिति लगातार खराब हो रही है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला कलेक्टर डॉ हिमांशु चंद्रा, सांसद सुधीर गुप्ता, ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय मंत्री संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग दिल्ली सभी को आवेदन देकर व मोबाइल कंपनी में शिकायत की गुहार लगा चुके हैं लेकिन साल भर का समय गुजर जाने के बाद भी आजतक कोई समाधान नहीं हुआ। अब ग्रामीणों ने विधायक, सांसद, ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय मंत्री संचार संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग दिल्ली को भी लिखित हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा जिसमें मांग की गई कि उन्हें मध्य प्रदेश से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाया जाने के संबंध में उन्हें मध्य प्रदेश जुड़े नेटवर्क की सुविधाएं मुहैया कराई जावे। इसके बाद भी समस्या दूर नहीं हुई तो प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों की मांग है कि सर्वे कराकर क्षेत्र में बेहतरीन नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए। पंचायत सचिव बोले -जनपद और जिला स्तर पर सूचना भेजी, समाधान नहीं हुआ। घसुण्डी जागीर पंचायत सचिव नवीन पाटीदार ने कहा कि पंचायत के अंतर्गत पिपलिया जागीर,खडवेलिया, गाधीपुरा, भीमपुरा, भोपतपुरा गांव आते हैं। पूरे गांव में नेटवर्क की समस्या है। इससे लोगों को बातचीत में परेशानी होती है। शासकीय ऑनलाइन काम, केवाईसी व समग्र आईडी बनाने के लिए पंचायत कार्यालय में वाई-फाई लगवाया गया है। जनपद या जिला स्तर से नेटवर्क संबंधी जानकारी मांगे जाने पर सूचना भेजी जाती है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |