रतलाम। झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बनता जा रहा है। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर रतलाम में भी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को SMB GROUP RATLAM के नेतृत्व में डालूमोदी चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं मामले से जुड़े आरोपों के विरोध में पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया और बेटी निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग बुलंद की।
उल्लेखनीय है कि झारखंड की मुखर आदिवासी सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की 6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना से पहले उनका भावुक फेसबुक लाइव सामने आया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर पुलिस प्रशासन, जमीन माफिया और प्रभावशाली लोगों पर प्रताड़ना एवं धमकियों के गंभीर आरोप लगाए थे। उनके अंतिम संदेश ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया।
निशा भगत आदिवासी समाज के जल-जंगल-जमीन के अधिकार, CNT एक्ट, सरना धार्मिक पहचान और धर्मांतरण से जुड़े मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखती थीं। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में गुमला सीट से JLKM के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था।
निशा की मौत के बाद उनके पिता ने मामले में साजिश की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पिठोरिया थाने में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा सहित संबंधित लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश की धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ। राजनीतिक विरोध और न्याय की मांग के बीच झारखंड सरकार ने मामले की CBI जांच की सिफारिश की। अब CBI मामले की जांच कर रही है।
रतलाम में आयोजित प्रदर्शन के दौरान SMB GROUP RATLAM ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और निशा भगत के परिवार को न्याय मिले।
प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट संदेश रहा कि किसी भी बेटी के साथ अन्याय और प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेटी निशा भगत को न्याय दो, दोषियों को सजा दो के आह्वान के साथ रतलाम से उठी यह आवाज आदिवासी समाज की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की मांग को मजबूती से सामने लाती नजर आई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत