रतलाम। शहर में दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चांदी की ज्वेलरी और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का थाना स्टेशन रोड पुलिस ने महज सात दिनों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत की तीन किलो चांदी की ज्वेलरी, 72 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
महू रोड स्थित दुकान को बनाया था निशाना
मामला महू रोड पर लावण्या पैलेस के सामने संचालित डिजाइन सरमाईका सेनेटरी दुकान का है। दुकान के कैबिन में फरियादी हर्षल पिता गिरीश गांधी (24), निवासी सागौद रोड, जैनसंत धाम द्वारा ऑनलाइन चांदी की खरीदी-बिक्री का व्यवसाय भी किया जाता था। 13 नवंबर की शाम दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात बदमाशों ने रात करीब 2:45 बजे दुकान में घुसकर चांदी की ज्वेलरी के दो बॉक्स, तिजोरी में रखी नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी अगले दिन सुबह दुकान खुलने पर सामने आई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 898/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
400 से 500 CCTV कैमरों की फुटेज बनी अहम सुराग
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर के दायरे में आने वाले रास्तों और संभावित स्थानों के 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर राहुल गुण्डिया और राहुल बारिया पुलिस के संदेह के दायरे में आए।
जांच में सामने आया कि दोनों विरियाखेड़ी क्षेत्र में मस्जिद के पास किराये के मकान में रह रहे थे। वारदात के बाद अचानक मकान छोड़कर गायब होना पुलिस के लिए अहम सुराग बना। लगातार तलाश के बाद 20 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों को विरियाखेड़ी क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलों सहित पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
ये आरोपी गिरफ्तार, दो बालक भी अभिरक्षा में
राहुल पिता थावरिया गुण्डिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम मरदानी, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ, हाल मुकाम विरियाखेड़ी, रतलाम।
राहुल पिता वरसिंह बारिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम पलसोडी, जिला रतलाम, हाल मुकाम विरियाखेड़ी, रतलाम।
इसके अतिरिक्त दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर विवेचना जारी है।
12 लाख की चांदी, नकदी और दो बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन किलो चांदी की रिंग, ब्रेसलेट, ईयररिंग, चेन और नेकलेस सहित लगभग 12 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी तथा 72 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-ZA-7484 और सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-EG-9654 भी जब्त की गई हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, सउनि बबलू डागा (चौकी सालाखेड़ी), प्रधान आरक्षक सरदारसिंह (चौकी सालाखेड़ी), उपनिरीक्षक जीवन बारिया (साइबर सेल प्रभारी), प्रधान आरक्षक मनमोहन (साइबर सेल), आरक्षक विपुल (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक दिलीप रावत (डीआरपी लाइन), प्रधान आरक्षक नीलेश पाठक, आरक्षक हेमन्त यादव (थाना माणकचौक), आरक्षक जीवन विश्वकर्मा (थाना माणकचौक), आरक्षक रवि चन्देल (थाना औद्योगिक क्षेत्र) एवं आरक्षक विनोद सूर्यवंशी (सीसीटीवी कंट्रोल रूम) की सराहनीय भूमिका रही।
सैकड़ों कैमरों की पड़ताल, तकनीकी जांच और पुलिस टीम की लगातार मेहनत से सात दिन में नकबजनी का खुलासा रतलाम पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के रूप में सामने आया है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत