रतलाम। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं इंदौर श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर सभा के अध्यक्ष रहे वीरेंद्र व्यास के असामयिक निधन से गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज सहित संपूर्ण ब्राह्मण समाज में शोक की लहर है। उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए रतलाम गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज ने श्री राम मंदिर रामगढ़ पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। यहां समाजजनों ने स्वर्गीय व्यास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि वीरेंद्र व्यास का असामयिक निधन केवल गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्राह्मण समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने समाजहित में उल्लेखनीय कार्य किए और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका सामाजिक सरोकार, नेतृत्व क्षमता और समाज सुधार के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में समाज के पूर्व अध्यक्ष दिलीप व्यास, कीर्ति शर्मा, सर्व ब्राह्मण सभा के उपाध्यक्ष राजेश चाष्टा, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित, राजेश जोशी, महेश चौबे, भागवताचार्य पं. योगेश्वर शास्त्री, भजन गायक पं. गोपाल कृष्ण शर्मा, नवीन व्यास, कपिल व्यास, महिला सभा अध्यक्ष सविता तिवारी तथा नवयुवक मंडल अध्यक्ष सीए अर्पित शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने स्वर्गीय व्यास के सामाजिक एवं जनहित के कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर राजेश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, धनसूता, राजेंद्र जोशी, रामकुमार जोशी, राकेश आचार्य, अनिल जोशी, राजेश डोरिया, अश्विन तिवारी, दिव्यांश तिवारी, महेंद्र व्यास, अशोक चाटा, अखिल व्यास, अर्पित तिवारी, अनुपम चेष्टा, अजय शर्मा, मंजुला व्यास, सुनंदा पंडित, रीना पंडित और क्षमा व्यास सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश व्यास ने किया।
स्वर्गीय वीरेंद्र व्यास के व्यक्तित्व और सामाजिक लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इंदौर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के पांच हजार से अधिक लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इनमें मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोकसभा सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला सहित ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्यजन शामिल हुए थे।
श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय वीरेंद्र व्यास के समाज सुधार संबंधी विचारों और इच्छाओं का विशेष उल्लेख भी हुआ। उनके सम्मान में इंदौर गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर सभा ने सामाजिक परंपराओं में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया है। नगर सभा ने चिट्ठी लिखने की परंपरा के साथ सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं।
इसके तहत ब्रह्मभोज में परिवार के सदस्यों के अतिरिक्त केवल निकट संबंधी ही भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे। पगड़ी रस्म में समाजजन पूर्ववत शामिल होंगे, लेकिन वहां भोजन नहीं करेंगे। वहीं उपहार स्वरूप दिए जाने वाले लान अथवा लेन की प्रथा को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। यह पहल सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च और दिखावे को कम कर सादगीपूर्ण परंपराओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्वर्गीय वीरेंद्र व्यास को श्रद्धांजलि देते हुए रतलाम समाज ने उनके सामाजिक विचारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत