रतलाम। व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए रतलाम पुलिस ने ऐसा जांच अभियान चलाया कि घटनास्थल से लेकर 150 से 200 किलोमीटर के दायरे तक 400 से 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल डाले। घटनास्थल का पीएसटीएन डाटा जुटाकर तकनीकी विश्लेषण किया गया।
पुलिस की इसी सघन पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि व्यापारी की रकम और आवाजाही की जानकारी रखने वाला उसका अपना ड्राइवर ही लूट की साजिश में शामिल था। पुलिस ने इस मामले में इंदौर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है।
पुलिस जांच के दौरान व्यापारी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पूछताछ में उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिले। पुलिस ने उसके संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल की तो पता चला कि वह अपने दो दोस्तों चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ लगातार उठता-बैठता था।
तीनों की दोस्ती और साथ में शराब पीने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने ड्राइवर गजानंद के साथ मिलकर लूट की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया।
मैकेनिकल इंजीनियर भी निकला लूट का आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में चेतन पिता कमल मंडलोई (26) निवासी द्वारकापुरी इंदौर शामिल है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार चेतन मैकेनिकल इंजीनियर है और इंदौर के एक शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दूसरा आरोपी राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (37) निवासी बीजलपुर इंदौर तथा तीसरा आरोपी गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33) निवासी रंगवासा राऊ इंदौर है। गजानंद व्यापारी के साथ ड्राइवर के रूप में जाता था।
दो-तीन दौरों में ही हासिल कर ली थी पूरी जानकारी
एसपी अमित कुमार के मुताबिक गजानंद व्यापारी का स्थायी कर्मचारी नहीं था। व्यापारी जब कलेक्शन के लिए बाहर जाते थे तो पिछले दो-तीन दौरों में वह उनके साथ गया था। इसी दौरान उसे कलेक्शन की रकम और व्यापारी की आवाजाही की पूरी जानकारी हो गई। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ लूट की साजिश रची।
6.21 लाख नकद, कलेक्शन की डायरी और अपाचे बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपए नकद, काले रंग का बैग, कलेक्शन के दस्तावेज और डायरी बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद हो गया है।
इन पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों तक पहुंचने में
महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्रवाई में निरीक्षक अय्यूब खान थाना प्रभारी बिलपांक, निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन थाना प्रभारी रिंगनोद, उपनिरीक्षक दीपक यादव, गुलाब सिंह, साइबर सेल, प्रधान रक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक मयंक व्यास, सीसीआर टीम तथा स्टेशन रोड थाने के पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के दम पर रतलाम पुलिस ने व्यापारी से लूट की वारदात का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत