बड़नगर
बड़नगर स्थित पूजा पैलेस में शुक्रवार को राष्ट्रीय गौ रक्षा विभाग भारत एवं विशाल हिंदू सेना संगठन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल धार्मिक एवं राष्ट्रवादी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदू राष्ट्र, गौमाता को राष्ट्र माता घोषित करने, संत समाज के सम्मान तथा भारत को विश्वगुरु बनाने जैसे मुद्दों पर जोरदार मंथन हुआ। आयोजन में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और संगठन पदाधिकारियों की उपस्थिति ने माहौल को पूरी तरह धर्ममय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के भव्य स्वागत एवं माल्यार्पण से हुआ। मंच से संबोधित करते हुए राष्ट्रीय गौ रक्षा विभाग के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भंवर सिंह चौधरी ने कहा कि “भारत तेजी से हिंदू राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वह दिन दूर नहीं जब गौमाता को भी राष्ट्र माता का दर्जा मिलेगा।” उन्होंने देश को घुसपैठियों से मुक्त करने की बात कहते हुए हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया।
विशाल हिंदू सेना संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर सीतानंद गिरी जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “अब समय आ गया है कि देशभर के हिंदू संगठित होकर सनातन संस्कृति और राष्ट्र रक्षा के लिए एक मंच पर आएं।” वहीं भद्रकाली मंदिर पीठाधीश्वर विजयानंद महाराज ने गौ रक्षा को धर्म और संस्कृति का आधार बताते हुए कहा कि “यदि कोई गौमाता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेगा तो समाज उसका पुरजोर विरोध करेगा।”
कार्यक्रम में मंगला जाट, गोपाल भारती, शंभुनाथ , मोहनलाल पाटीदार, सुरेशानंद जी सहित अनेक धर्मयोद्धा एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन भीम सिंह डाबरिया ने प्रभावी शैली में किया।
इस दौरान संगठन में नई नियुक्तियों की भी घोषणा की गई। विनोद पंवार को राष्ट्रीय प्रभारी, कृष्णा परमार को संभाग अध्यक्ष, सुनीता भाटी को राष्ट्रीय बोर्ड प्रभारी तथा साधना चौहान को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
अंत में पवन शतपाड़िया ने सभी अतिथियों, संतों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम में “गौमाता की जय” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत