रतलाम / सैलाना....
क्षेत्रीय राजनीति में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम दौलतपुरा की सरपंच सीमा बाई डामर एवं शांतिलाल डामर ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक कार्यलय पर आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में दोनों नेताओं ने पार्टी का दामन थामा।
इस दौरान विधायक कमलेश्वर डोडियार ने दोनों के गले में पार्टी का प्रतीक पीला गमछा डालकर उनका स्वागत किया और विधिवत भारत आदिवासी पार्टी में शामिल कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सदस्यता ग्रहण के दौरान “जय आदिवासी, जय भारत” के नारों से पूरा विधायक भवन गूंज उठा।
दौलतपुरा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के पार्टी में शामिल होने को भारत आदिवासी पार्टी की बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इससे शिवगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा, वहीं कांग्रेस को भी बड़ा झटका लगा है।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी लगातार आदिवासी, ग्रामीण एवं वंचित समाज के हक की लड़ाई लड़ रही है। यही कारण है कि लोग तेजी से पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आदिवासी समाज की ताकत प्रदेश की राजनीति में नई दिशा तय करेगी।
वहीं सीमा बाई डामर एवं शांतिलाल डामर ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास, आदिवासी समाज के सम्मान और जनता की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से भारत आदिवासी पार्टी की सदस्यता ली है।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत