रतलाम / सैलना
सैलाना नगर की उदय विहार कॉलोनी में विकास कार्यों को नई गति देते हुए नगर परिषद सैलाना द्वारा लगभग 32 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा। लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह कार्य बड़ी राहत लेकर आया है। सड़क निर्माण से अब कॉलोनीवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी।
निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार, पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एवं वार्ड पार्षद हेमलता विशाल धभाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन के साथ हुई। धार्मिक वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल, पूर्व पार्षद राम प्रसाद चंदेल, एल्डरमैन नाथूलाल राठौर, प्रशांत मंडोत नगर परिषद के कर्मचारीगण एवं उदय विहार कॉलोनी के बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि विकास कार्य जनता के विश्वास का प्रतीक हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्य जारी रहेंगे।
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने बताया कि परिषद शहर में सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं वार्ड पार्षद हेमलता विशाल धभाई ने क्षेत्रवासियों की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद उदय विहार कॉलोनी में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि इस सड़क निर्माण से कॉलोनी की तस्वीर बदल जाएगी और विकास को नई दिशा मिलेगी
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत