|
|
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के कुशल नेतृत्व और विकासोन्मुख कार्यशैली के चलते शहर लगातार नई सौगातें प्राप्त कर रहा है। इसी कड़ी में इंदिरा नगर के समीप स्थित ग्वालटोली तलैया को शहर के सबसे सुंदर और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। अमृत योजना के अंतर्गत लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस महत्वाकांक्षी वाटर बॉडी प्रोजेक्ट का शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया एवं पार्षदों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रीमती चोपड़ा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ पार्षद श्री हरगोविंद दीवान, श्री दुर्गाशंकर दशाना, श्री मुकेश पोरवाल तथा नगर पालिका इंजीनियर श्री दीपक मुवेल भी मौजूद रहे। श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि इस परियोजना के तहत आकर्षक फव्वारा, रिटेनिंग वॉल, पिचिंग कार्य, आधुनिक पाथवे, पेवर ब्लॉक, मनमोहक लाइटिंग, रेलिंग, बैठने के लिए सुंदर कुर्सियां तथा 700 से अधिक विभिन्न प्रजातियों एवं फूलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। इससे शहरवासियों को मॉर्निंग वॉक, मनोरंजन और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक उत्कृष्ट स्थल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि तालाब के समीप रिक्त भूमि पर "नमो पार्क" भी विकसित किया जाएगा, जिसके टेंडर जारी हो चुके हैं। इससे यह क्षेत्र पर्यटन और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बन जाएगा। साथ ही तालाब का गहरीकरण कार्य भी जारी है और पर्याप्त जलभराव होने पर यहां मोटर बोट संचालन की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी दो माह में यह परियोजना पूर्ण होकर शहरवासियों को एक भव्य और आकर्षक पर्यटन स्थल की सौगात देगी। उनकी सक्रिय कार्यशैली और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से नीमच शहर नई पहचान की ओर तेजी से अग्रसर है। |