|
|
औद्योगिक विकास ही रोजगार और समृद्धि की कुंजी है : कलेक्टर हिमांशु चंद्रा नीमच । जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को झांझरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योगों की प्रगति, निवेश की संभावनाओं और स्थानीय युवाओं को मिल रहे रोजगार का जायजा लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में निवेश बढ़ेगा तो रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसीसी ब्लॉक निर्माण इकाई पहुंचकर उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा इकाई में किए गए निवेश, रोजगार सृजन और उत्पाद की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों, श्रमिक सुरक्षा व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर श्री चंद्रा ने युवा उद्यमी हातिम नजमी द्वारा स्थापित उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार और उद्यमिता जिले के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। इसके बाद कलेक्टर ने एमपीआईडीसी द्वारा नवीन उद्योगों की स्थापना के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण किया तथा पहुंच मार्ग और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेशकों को भूमि, सड़क, बिजली और पानी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जिले में नए उद्योग स्थापित होने में कोई बाधा न आए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पराग जैन, तहसीलदार संतोष कुमार, एमपीआईडीसी के अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे। |