|
|
नीमच। जल निगम नीमच के जिला महाप्रबंधक धीरेंद्र बिजोरिया ने एक डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित उस समाचार का खंडन किया है, जिसमें पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक मेडिकल संचालक की मृत्यु होने तथा जल निगम की लापरवाही को जिम्मेदार बताया गया था। महाप्रबंधक श्री बिजोरिया ने स्पष्ट किया कि विभागीय जांच एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त तथ्यों के अनुसार बेलारी एवं गुलाबखेड़ी के बीच सड़क मार्ग पर मृतक युवक की मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का पाइपलाइन कार्य के लिए खोदे गए किसी भी गड्ढे से कोई संबंध नहीं है। घटना को जल निगम की लापरवाही से जोड़ना पूरी तरह भ्रामक एवं तथ्यहीन है। महाप्रबंधक ने बताया कि जल निगम द्वारा पाइपलाइन निर्माण कार्यों के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है। कार्यस्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक तथा रात्रि में रिफ्लेक्टर लगाए जाते हैं ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल निगम की किसी प्रकार की लापरवाही सामने नहीं आई है। इसलिए बिना तथ्यात्मक पुष्टि के इस प्रकार के समाचारों का प्रकाशन एवं प्रसारण जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करता है। जल निगम ने मीडिया संस्थानों एवं नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना के संबंध में विभागीय पक्ष एवं तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करने के बाद ही समाचारों का प्रकाशन-प्रसारण करें, जिससे भ्रामक सूचनाओं से बचा जा सके। |