रतलाम
रतलाम जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से पदभार ग्रहण करने वाले जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री अखिलेश सिंह राजपूत एवं बीआरसीसी श्रीमती सुरेखा माना का आज़ाद शिक्षा परिषद् मध्यप्रदेश की महिला वाहिनी द्वारा आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा केंद्र रतलाम में नवागत डीपीसी श्री अखिलेश सिंह राजपूत के स्वागत से हुई। महिला वाहिनी के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की समस्याओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान श्री राजपूत ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षक संवर्ग से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा तथा रतलाम जिले को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करने के लिए सभी के सहयोग से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इसके पश्चात महिला वाहिनी का प्रतिनिधिमंडल जनपद शिक्षा केंद्र पहुंचा, जहां नव नियुक्त बीआरसीसी श्रीमती सुरेखा माना का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संगठन की ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर समन्वय एवं नवाचारों की अपेक्षा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय बख्शी, प्रदेश संयोजक नंदिनी, संभाग अध्यक्ष गिरिजा बैरागी, रेखा गौर, नैना सोलंकी, रुक्मणी मावर, ज्योति सिलावट, राधा पंवार, रानी मैडम सहित महिला वाहिनी एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवागत अधिकारियों के नेतृत्व में रतलाम जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालयों के हित में सकारात्मक एवं परिणामकारी कार्य होंगे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
आज़ाद शिक्षा परिषद् मध्यप्रदेश, जिला शाखा रतलाम द्वारा दोनों अधिकारियों के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए शिक्षा के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत