रतलाम
रतलाम जिले में महिलाओं को निशाना बनाकर दिनदहाड़े सोने की नथ लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को रतलाम पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। माणकचौक पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में न केवल ताजा वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि आरोपियों ने रावटी क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की घटना भी कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत की सोने की नथें, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अजय सारवान के मार्गदर्शन में माणकचौक थाना पुलिस ने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में फरियादी जगदीश मईड़ा की पत्नी से दो बाइक सवार बदमाशों ने डराकर नाक में पहनी सोने की नथ छीन ली थी। घटना के बाद थाना माणकचौक में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विष्णु पिता बागजी मईड़ा (19 वर्ष), निवासी नरसिंग नाका, थाना रावटी एवं मोहन पिता शैतान भाभर (19 वर्ष), निवासी मलवासी नाका, थाना रावटी के रूप में बताई। दोनों ने बाजना बस स्टैंड की घटना के साथ-साथ 30 मई को थाना रावटी क्षेत्र में महिला की नथ लूटने की वारदात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों से 5 ग्राम वजन की सोने की नथ (कीमत लगभग 80 हजार रुपए), 9 ग्राम वजन की दूसरी सोने की नथ (कीमत लगभग 1.30 लाख रुपए), पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 ZN 7458, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 26,150 रुपए नकद बरामद किए हैं।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, निरीक्षक सुरेन्द्र गाडरिया, सउनि आशीष मांगरिया, प्रआर राजेश मईड़ा, प्रआर दीपक बोरासी, प्रआर राजसिंह, आर हेमन्त यादव, आर महेश मईड़ा, आर जीवन विश्वकर्मा, मआर प्रवीणा, सीसीआर आर देवेन्द्रसिंह डोडिया, आर मानसिंह मकवाना, आर चंदर मार्को, आर अशरफ, आर वीरेंद्र तथा साइबर सेल के प्रआर मनमोहन शर्मा, आर मयंक व्यास, आर राहुल पाटीदार, आर तुषार सिसोदिया, आर बहादुर सिंह एवं आर प्रेमप्रकाश की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई से जहां अपराधियों में हड़कंप मचा है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Crime reporter Jitendra Kumawat