जावरा। सेवा, नेतृत्व और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक माने जाने वाले लायंस क्लब जावरा के सत्र 2026-27 के चुनाव गुरुवार को लायंस नेत्र चिकित्सालय परिसर में उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। कई पदों पर हुए रोमांचक मुकाबलों ने चुनाव को यादगार बना दिया, वहीं देर रात तक चली मतगणना के बाद विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही परिसर में जश्न का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सबसे महत्वपूर्ण अध्यक्ष पद पर लायन सुधीर जैन निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनके नेतृत्व में क्लब को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा प्रथम उपाध्यक्ष राजकुमार मारवाड़ी, सहसचिव संजय गोधा, कोषाध्यक्ष विपिन चौरड़िया तथा टेमर विजय राठौड़ भी निर्विरोध चुने गए।
चुनाव के दौरान कई पदों पर कांटे की टक्कर देखने को मिली।
द्वितीय उपाध्यक्ष पद पर लायन पंकज कांठेड़ ने 69 मत प्राप्त कर लायन नीरज मेहता को पराजित किया। वहीं तृतीय उपाध्यक्ष पद पर लायन लक्की सोनी ने 63 मत हासिल कर जीत दर्ज की। सबसे रोमांचक मुकाबला सचिव पद के लिए रहा, जहां लायन संदीप रांका ने महज एक मत के अंतर से 60 मत प्राप्त कर लायन मनीष कोचर को शिकस्त दी।
एक अन्य पद पर लायन कमल सारड़ा ने 69 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि टेल ट्विस्टर पद पर लायन विनोद सेठिया 62 मतों के साथ निर्वाचित घोषित किए गए।
दो वर्ष के कार्यकाल के लिए संचालक मंडल में विशाल चतर, संजय तलेसरा, संदीप दसेड़ा, अशोक चोपड़ा, अर्पित चतर और राकेश पी. कोचट्टा को चुना गया। वहीं एक वर्ष के कार्यकाल के लिए नरेंद्र विनायक, संजय गोधा, लक्की सोनी, नरेंद्र संघवी, अनूप शर्मा, हेमंत श्रीमाल और शरद डूंगरवाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। सदस्यता समिति में आशीष पगारिया, विजय पामेचा एवं धर्मचंद चपडोद को मनोनीत किया गया।
शाम 6 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया रात 8:30 बजे तक चली, जबकि परिणामों की घोषणा देर रात तक होती रही। पूरे चुनाव का संचालन लायन रजनीकांत शाह, घनश्याम रामनाणी, पवन मोदी, अरुण संघवी एवं हरिनारायण अरोड़ा ने निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से किया, जिसकी सदस्यों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही क्लब सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि लायन सुधीर जैन के नेतृत्व में लायंस क्लब जावरा सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा तथा समाजहित की परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत