रतलाम / सैलाना। सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग को फोरलेन में उन्नत किए जाने की मांग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजा है। विधायक ने इस महत्वपूर्ण मार्ग के शीघ्र सर्वेक्षण कराकर इसे प्राथमिकता के आधार पर फोरलेन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग मध्यप्रदेश के रतलाम जिले और राजस्थान के बांसवाड़ा जिले को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों यात्री किसान विद्यार्थी व्यापारी और मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में यह सड़क संकरी होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ती है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी इस मार्ग के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की मांग करते आ रहे हैं लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
डोडियार ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग आदिवासी बहुल क्षेत्रों की जीवनरेखा है। इस मार्ग के फोरलेन बनने से मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। साथ ही कृषि व्यापार उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को मजबूती मिलेगी तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
विधायक ने पत्र में यह भी मांग की है कि रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग का शीघ्र तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाए और इसे राष्ट्रीय महत्व के मार्ग के रूप में प्राथमिकता देते हुए फोरलेन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस संबंध में तत्काल कार्रवाई कर जनहित में की गई कार्यवाही से अवगत कराने का भी अनुरोध किया है।
विधायक की इस पहल को क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास माना जा रहा है। यदि इस मार्ग का फोरलेन निर्माण स्वीकृत होता है तो रतलाम और बांसवाड़ा सहित आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के लाखों लोगों को सुरक्षित यातायात, तेज परिवहन और बेहतर आर्थिक अवसरों का लाभ मिलेगा। क्षेत्र के लोगों को अब केंद्र सरकार के निर्णय का इंतजार है, जिससे इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को नई दिशा मिल सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत