रतलाम। कलेक्टर कार्यालय रतलाम द्वारा प्रशासनिक कार्य सुविधा एवं राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत जावरा, सैलाना, रतलाम सहित विभिन्न तहसीलों एवं टप्पा कार्यालयों में अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार सैलाना तहसील के तहसीलदार श्री कुलभूषण शर्मा को रतलाम शहर (पश्चिमी भाग) भेजा गया है। वहीं बाजना के प्रभारी तहसीलदार श्री मनीष जैन को सैलाना तहसील एवं टप्पा शिवगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आलोट के तहसीलदार श्री पंकज पवैया को जावरा तहसील का नया तहसीलदार बनाया गया है, जबकि रावटी की तहसीलदार श्रीमती वंदना किराड़े का स्थानांतरण आलोट किया गया है। पिपलौदा के नायब तहसीलदार श्री देवेंद्र कुमार दानगढ़ को बाजना भेजा गया है। खरगोन से स्थानांतरित होकर आए प्रभारी तहसीलदार श्रीमती स्नेहलता चौहान को रावटी तहसील तथा श्री महेंद्रसिंह वांगी को टप्पा नामली की जिम्मेदारी दी गई है।
रतलाम शहर में भी कई बदलाव किए गए हैं। श्री कुलभूषण शर्मा को न्यायालय तहसील रतलाम (शहर) एवं पश्चिमी भाग का दायित्व सौंपा गया है। टप्पा नामली के नायब तहसीलदार श्री आशीष उपाध्याय को रतलाम शहर (पूर्वी भाग) भेजा गया है, जबकि पूर्वी भाग रतलाम की नायब तहसीलदार श्रीमती पिंकी साठे को पिपलौदा पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा श्रीमती श्रद्धा त्रिवेदी को टप्पा कालूखेड़ा से टप्पा बड़ावदा, श्री भगवानसिंह ठाकुर को टप्पा बड़ावदा से टप्पा ढोढर, सुश्री प्राची गायकवाड़ को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रतलाम (ग्रामीण) से टप्पा कालूखेड़ा, श्री मेहमूद अली शाह को नजूल शाखा रतलाम से टप्पा मुंडी, श्री करमचंद डोडियार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रतलाम (ग्रामीण) तथा श्री सुदेश कृष्णमने को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट जावरा पदस्थ किया गया है।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि रतलाम ग्रामीण की तहसीलदार श्रीमती प्रतिमा भट्ट अपने वर्तमान दायित्व के साथ टप्पा बिलपांक का अतिरिक्त कार्य भी देखेंगी। वहीं श्री मेहमूद अली शाह अपने नवीन पदस्थापन के साथ-साथ नजूल शाखा एवं तहसीलदार भू-अर्जन प्रबंधन, जिला रतलाम का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।
कलेक्टर द्वारा जारी इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को जिले की राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत