रतलाम। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में घोषित पदोन्नतियों के तहत रतलाम जिले के सात पुलिस अधिकारियों का डीएसपी (उप पुलिस अधीक्षक) पद पर चयन होने से जिले में खुशी का माहौल है। इनमें तीन अधिकारी पहले से कार्यवाहक डीएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि चार निरीक्षकों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के आधार पर डीएसपी पद पर पदोन्नत किया गया है। यह उपलब्धि रतलाम पुलिस के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
डीएसपी पद पर पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में अजय सारवान (डीएसपी महिला अपराध), किशोर पाटनवाला (एसडीओपी ग्रामीण) और युवराज सिंह (सीएसपी जावरा) शामिल हैं। वहीं निरीक्षक वर्ग से श्रीमती गायत्री सोनी (थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र रतलाम), श्रीमती पार्वती (थाना प्रभारी अजाक रतलाम), श्री प्रकाश गरड़िया (थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा) तथा श्री सुरेंद्र गरड़िया (थाना प्रभारी रावटी) को डीएसपी पद पर पदोन्नति मिली है।
डीएसपी पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में भारतीय स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुधवार 15 जुलाई को औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंचकर थाना प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया। एसोसिएशन के सचिव बी.के. चैचानी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी ईमानदार, अनुशासित और समर्पित कार्यशैली आने वाले समय में भी नई ऊंचाइयों को छुए तथा वे इसी तरह लगातार प्रगति करती रहें।
इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी, महेंद्र डोडिया, किशोर चौधरी, अरुण चोपड़ा, संजय शोचे, रविंद्र सिंह ठाकुर, विमल मारू, राजऋषि दुबे, प्रमोद राघव एवं देवानंद खत्री सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश तिवारी (नोएडा) तथा वरिष्ठ सदस्य तरणी प्रकाश व्यास (अहमदाबाद) ने भी दूरभाष के माध्यम से श्रीमती गायत्री सोनी को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
श्रीमती गायत्री सोनी का पुलिस सेवाकाल अत्यंत प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने वर्ष 1999 में पन्ना जिले से सब-इंस्पेक्टर के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की। प्रारंभिक वर्षों में पन्ना एवं झाबुआ में उल्लेखनीय सेवाएं देने के बाद वर्ष 2002 से 2006 तक रतलाम महिला थाना प्रभारी के रूप में महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए। इसके बाद उन्होंने इंदौर, बालाघाट, जबलपुर, कटनी, उज्जैन, खंडवा सहित विभिन्न जिलों में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। लगभग दो दशक बाद पुनः रतलाम में उनकी पदस्थापना थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हुई, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभाई।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दुर्गम सेवा पदक, आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक, सिंहस्थ 2004 सेवा डिस्क, सिंहस्थ 2016 ज्योति पदक तथा कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कर्मवीर योद्धा पदक सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
रतलाम जिले के सात अधिकारियों की यह पदोन्नति न केवल उनके उत्कृष्ट सेवाकाल का सम्मान है, बल्कि पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है। जिलेभर में पुलिस अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने सभी नवपदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत