रतलाम / बाजना। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांसद प्रतिनिधि संजय टाक ने बाजना क्षेत्र के कई शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत संगेसरा के माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक शाला पहुंचकर कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, शिक्षकों की उपलब्धता तथा विद्यालय की अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान संजय टाक ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम, नियमित अध्ययन और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में सवाल पूछे। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित भी किया।
इसके बाद सांसद प्रतिनिधि ग्राम हॉलीवाड़ा भगोरा पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षकों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। इस पर संजय टाक ने तत्काल बीआरसी अधिकारी श्री राठौर से दूरभाष पर चर्चा कर शीघ्र शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विद्यालय में पेयजल की समस्या सामने आने पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के एसडीओ से भी तत्काल संपर्क कर पेयजल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का उपलब्ध होना भी अत्यंत आवश्यक है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
संजय टाक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों की तरह बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालयों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने की अपेक्षा भी जताई।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामर, सरपंच, युवा नेता हिमांशु डोडियार, बहादुर निनामा, गणेश भगोरा सहित ग्रामीणजन एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे। सांसद प्रतिनिधि के इस औचक निरीक्षण से शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है और स्थानीय ग्रामीणों ने भी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत