रतलाम / सैलाना
सैलाना नगर में मंगलवार को ब्लॉक किसान कांग्रेस के बैनर तले केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत तथा ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पाटीदार के नेतृत्व में पुरानी सब्जी मंडी परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच, किसानों के लिए ई-टोकन व्यवस्था में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान तथा मूंग की फसल की समर्थन मूल्य पर खरीद और किसानों को उचित दाम दिलाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है जिससे विद्यार्थियों और किसानों दोनों में भारी असंतोष व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल डालकर पुतले को आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी पिंकी आकश के नेतृत्व में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया था। मौके पर एसआई शिवनाथ सिंह राठौर, एसआई शिवाजी राव जबताप, एएसआई हितेंद्र परिहार, प्रधान आरक्षक मनीष ओझा, पप्पू वाघेला, निरंजन त्रिपाठी तथा आरक्षक दिनेश पाटीदार, तूफान भूरिया सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात रहे।
पुलिस की सतर्कता के चलते प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ और बाद में कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वापस लौट गए।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत