रिपोर्टर : जसपाल टेलर
प्रदेश मीडिया प्रभारी, मंदसौर (म.प्र.)
नीमच। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "नशा मुक्ति अभियान" के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में मनासा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की मारुति एस-प्रेसो कार (RJ 27 CL 8706) में अवैध डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर 20 जुलाई 2026 को डिकेन रोड स्थित भेरू बावजी, अखेपुर बावड़ा फंटा पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें 41 किलो 200 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी पप्पूलाल पिता छगनलाल गेहलोत, निवासी बोरखेड़ी पाणेरी, थाना नीमच सिटी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
✅ सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में निरीक्षक निलेश अवस्थी, सउनि दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र मालवीय, आरक्षक विजयपाल सिंह, अंकित राठौर, दशरथ जाटव, अंकित जोशी एवं कुशलपाल जाट की उल्लेखनीय भूमिका रही।