रतलाम / सैलाना। जनजातीय कार्य विभाग एवं सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड सैलाना स्थित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में जीवन कौशल वर्ष-03 पाठ्यक्रम पर आधारित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन दो बैचों में किया गया, जिसमें विकासखंड के कुल 68 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रत्येक बैच में 34-34 शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर विद्यालयों में जीवन कौशल आधारित शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए तैयार किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री गोविंद राम दढ़िग के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जिला कार्यालय से पहुंचे श्री नवीन बोरिया ने प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को जीवन कौशल शिक्षा के उद्देश्यों, इसकी उपयोगिता तथा विद्यालयों में प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में प्रेरक उद्बोधन देते हुए विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में इस कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य श्री दिलीप पाटीदार, सक्षम जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री रवि प्रताप सिंह तोमर तथा ब्लॉक मैनेजर श्री योगेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को 11 प्रमुख जीवन कौशल, वर्ष-03 का नवीन पाठ्यक्रम, जेंडर संवेदनशीलता, डेमो सत्र, एसबीटी (SBT), समूह गतिविधियां, मॉड्यूल आधारित अभ्यास, चैटबॉट से संबंधित समस्याओं के समाधान, सक्षम कंपोनेंट्स, विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम के प्रभावी संचालन तथा वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर श्रीमती डॉ. अंजुम खान, श्री सत्यनारायण टेलर, श्री डॉ. सुधीर कारपेंटर एवं श्री शैलेंद्र सिंह चंद्रावत द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने व्यवहारिक गतिविधियों और सहभागितापूर्ण शिक्षण पद्धति के माध्यम से शिक्षकों को जीवन कौशल आधारित शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन की बारीकियों से अवगत कराया।
समापन सत्र में प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव साझा करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों में जीवन कौशल आधारित गतिविधियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं व्यवहारिक बताते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गोविंद राम दढ़िग की उपस्थिति में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सैलाना में पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रभावी संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत