रतलाम। शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र स्थित हनुमान रुडी के सुनार बावड़ी इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पारिवारिक विवाद ने कुछ ही पलों में खूनी रूप ले लिया, जब पति ने गुस्से में अपनी ही पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गर्दन पर लगातार किए गए वारों से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जबकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनार बावड़ी निवासी 35 वर्षीय अली असगर का विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व लक्कड़ पीठा निवासी 32 वर्षीय रुकैया के साथ हुआ था। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 8 वर्ष की बेटी और 2 वर्ष का बेटा शामिल हैं।
रविवार सुबह करीब 11 बजे किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी अली असगर ने आपा खो दिया और घर में रखे चाकू से पत्नी की गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
गंभीर चोटों के कारण रुकैया ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।वारदात के समय घर में मौजूद 8 वर्षीय मासूम बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और माणकचौक पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचने तक आरोपी को लोगों ने अपने कब्जे में रखा।
सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भिजवाया।
इसके बाद एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए परिजनों, पड़ोसियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से मोहल्ले में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत