रतलाम / बाजना। प्रथम सावन सोमवार के पावन अवसर पर बाजना नगर शिवमय हो उठा। बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी एवं विशाल कांवड़ यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का निर्माण कर दिया। गो रक्षा दल के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में गांव की जनता, महिलाओं, पुरुषों तथा छोटे-छोटे बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
कांवड़ यात्रा बाजना से लगभग 16 किलोमीटर दूर स्थित पवित्र मां गढ़ख्खाई धाम से प्रारंभ हुई। श्रद्धालु पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा शिव बढलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक, महाआरती एवं प्रसादी वितरण किया गया। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस भव्य शाही सवारी में परम पूज्य संत गो क्रांतिकारी श्री गोशरणानन्द सरस्वती जी महाराज स्वयं श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते रहे और भक्तों का उत्साहवर्धन किया। पूरे मार्ग में शिवभक्त ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
शाही सवारी मां गढ़ख्खाई से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय, पुलिस थाना, बस स्टैंड, अंबे चौक, राजपूत मोहल्ला, कर्नाटक चौराहा, सदर बाजार होते हुए पुनः अंबे चौक पहुंची और वहां से शिव बढलेश्वर महादेव मंदिर में संपन्न हुई। मंदिर परिसर में महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
प्रथम सावन सोमवार पर आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन ने बाजना क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अनूठा संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम वर्षा की कामना करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बताया।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत