रतलाम। शहर में गुरुवार को नरेंद्र मोदी विचार मंच (मुख्य शाखा) मध्यप्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए जंतर-मंतर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय पुलिस प्रशासन, संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों तथा अन्य संस्थाओं के विरुद्ध कथित रूप से की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। ज्ञापन के माध्यम से दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार सांखला के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कुछ लोगों द्वारा विपक्षी दलों को एकजुट कर देश का माहौल खराब करने तथा संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मंच ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सभी नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का दुरुपयोग कर प्रधानमंत्री, पुलिस प्रशासन, न्यायपालिका अथवा अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति देश की गरिमा और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का साहस न कर सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा (भजन गायक), जगदीश हरारिया, राकेश शर्मा, रमेश चंद्र शर्मा, मांगीलाल, नटवरलाल मुनीम, जितेंद्र सिंह बना, लक्ष्मण त्रिपाठी, राजू महाजन, अवनीश पांचाल सहित नरेंद्र मोदी विचार मंच के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यालय परिसर में संगठन के सदस्यों ने संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और कानून के पालन की आवश्यकता पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत