महिदपुर (उज्जैन)। महिदपुर-बनी-सेमलिया-निपनिया मुख्य मार्ग पर लंबे समय से फैली गंदगी, कचरे के अंबार, जलभराव, बदहाल सफाई व्यवस्था और गणेश चौपाटी पर लगने वाली मछली की दुकानों से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय हिंगे तथा नगर पालिका कार्यपालन अधिकारी राजा यादव को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से स्थायी समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि महिदपुर-बनी-सेमलिया-निपनिया मुख्य मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, महिलाएं, बुजुर्ग, मरीज एवं आम नागरिक आवागमन करते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क किनारे और कई स्थानों पर सड़क तक फैले कचरे एवं गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध का वातावरण बना हुआ है। बरसात के दौरान जलभराव होने से हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है तथा डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया, टाइफाइड सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि सड़क पर फैले कचरे एवं पानी के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में गणेश चौपाटी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यहां मछली का व्यापार होने से दुर्गंध फैलती है, कचरा बढ़ता है और बड़ी संख्या में सूअर एवं आवारा पशु जमा हो जाते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी होती है तथा ट्रैफिक जाम की स्थिति भी निर्मित होती रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित एवं यातायात व्यवस्था को देखते हुए मछली की दुकानों को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार स्वच्छ भारत मिशन और जनस्वास्थ्य संरक्षण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं, लेकिन महिदपुर क्षेत्र की यह स्थिति संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की कि मुख्य मार्ग पर तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे का पूर्ण निष्पादन किया जाए, नियमित साफ-सफाई एवं कचरा संग्रहण की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए।
इस अवसर पर समाजसेवी जननायक युवराज सिंह पवार, जनपद प्रतिनिधि गिरधारी नारायण सिंह राजपूत, वीरेंद्र सिंह राजपूत, अभिषेक शर्मा, बलराम जाट, अंतिम जाट, शिवराज सिंह राजपूत, युवराज सिंह राजपूत, शोभाराम जी, अशोक जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ज्ञापन संबंधी जानकारी अंतरराष्ट्रीय जाट सांसद के तहसील मीडिया प्रभारी संजय जाट द्वारा प्रदान की गई। क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत